प्रदेश मंत्री बलजीत सिंह चौहान ने आष्टा सिविल अस्पताल में आई.सी.यू. शुरू करने की मांग
ओजस्व समाचार MP LIVE अभिषेक शर्मा 9755882992
प्रदेश मंत्री बलजीत सिंह चौहान ने उप मुख्यमंत्री को लिखा पत्र आष्टा तहसील के नागरिकों को स्वास्थ्य सेवाओं में हो रही गंभीर कमी की ओर ध्यान आकर्षित करते हुए भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा मध्यप्रदेश के प्रदेश मंत्री बलजीत सिंह चौहान ने माननीय उप मुख्यमंत्री एवं लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल के नाम पत्र लिखा है।

पत्र में प्रदेश मंत्री ने मांग की है कि आष्टा स्थित शासकीय सिविल अस्पताल में पिछले सात वर्षों से बंद पड़े आई.सी.यू. को तत्काल शुरू कराया जाए और अस्पताल में अन्य मूलभूत सुविधाएँ भी शीघ्र उपलब्ध कराई जाएं।

अपने पत्र में चौहान ने उल्लेख किया कि हाल ही में अस्पताल दौरे के दौरान मरीजों और उनके परिजनों ने शिकायत की कि आई.सी.यू. बंद रहने से गंभीर मरीजों को उचित उपचार नहीं मिल पाता, जिससे उन्हें मजबूरन भोपाल अथवा इंदौर रेफर करना पड़ता है। इससे मरीजों पर आर्थिक बोझ बढ़ता है और कई बार समय पर इलाज न मिलने से जनहानि जैसी स्थिति भी उत्पन्न हो जाती है।
प्रदेश मंत्री ने कहा कि आष्टा तहसील और आसपास के हजारों नागरिकों की स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए आई.सी.यू. सुविधा व अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं का तत्काल प्रारंभ होना अति आवश्यक है। उन्होंने सरकार से शीघ्र कार्रवाई कर जनता को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की मांग की।
