पकी फसल को आगजनी से बचाने के लिए किसान बंधु सावधानी रखे: तहसीलदार
ओजस्व समाचार MP संपादक अभिषेक बालाजी जावर
9111-4444-08 9893098521

जावर।रबी की फसल पक चुकी है एवं कटाई का दौर चल रहा है। विद्युत स्पार्क या नरवाई जलाने के दौरान खेतों में रखी फसल जलने का खतरा देखा जाता है। इस मौसम में फसल जलने की घटनाएं प्रकाश में आती रहती है। छोटी छोटी सावधानियां रखकर फसल बचाई जा सकती है। ओमप्रकाश चोरमा तहसीलदार जावर द्वारा किसानों से अपील की है, कि वे अपनी फसल की सुरक्षा के लिए सावधानियां रखें। खेत में लगे बिजली के ट्रांसफार्मर के आसपास की घास इत्यादि को काट कर इस तरह साफ कर दें कि स्पार्किंग से आग ना फैले। ट्रांसफार्मर और ढीले तारों के नीचे से सबसे पहले फसल काटें उस जगह को बखर दें। प्रायः सिंचाई के लिए बिजली के पोल से मोटर तक जाने वाले तार जमीन पर बिछाए जाते है, इसमें स्पार्किंग से आग लगने की घटनाएं बहुत होती है। इसलिए जमीन पर बिछाए गए तारों को किसान बंधु हटा दें। फसल के पास बीड़ी-सिगरेट न पीएं और ना ही किसी को पीने दें। राहगीर भी बीड़ी, सिगरेट या अन्य सामग्री के जलते हुए टुकड़े न फेंकें। फसल के खलिहान को रिहाइशी इलाके या बिजली के खंभों से कम से कम 10 मीटर की दूरी पर बनाएं। किसान बंधु नरवाई ना जलाएं। नरवाई जलाने से आसपास के खेतों में रखी फसल के जलने का खतरा बहुत होता है। नरवाई जलाना मिट्टी एवं पर्यावरण के लिए भी घातक होता है। आग न लगे इसलिए पर्याप्त सावधानी बरती जाएं तथा आग बुझाने की तैयारी भी रखें। यदि आग लगे, तो उसे फैलने से रोकने के लिए ट्रैक्टर से उसके चारों ओर की एक पट्टी की जुताई कर दें और तत्काल फायर ब्रिगेड से आग बुझाने के लिए सूचना दें। किसान बंधु छोटी छोटी सावधानी रखकर अपनी कड़ी मेहनत से तैयार की गई फसल को आगजनी की घटनाओं से बचा सकते।
